पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भोपाल में नरसंहार म्यूजियम बनाने के विरोध पर फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने पलटवार किया है। विवेक ने दिग्विजय सिंह से कहा कि 38 साल में गैस त्रासदी पर म्यूजियम बना नहीं पाए, अब ईर्ष्या क्यों?
द कश्मीर फाइल्स फिल्म के निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि दिग्विजय सिंह, आप 38 साल में भोपाल में गैस त्रापसी पे एक मेमोरियल तो बना नहीं पाए। अगर शिवराज सिंह चौहान मानवता के लिए नेक काम कर रहे है तो ईर्ष्या क्यों? नाकामी छुपाने के लिए?
बता दें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने द कश्मीर फाइल्स फिल्म के डॉयरेक्टर विवेक अग्निहोत्री के नरसंहार म्यूजियम बनाने के ऐलान के एक दिन बाद ही विरोध कर दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं पूरी तरह से भोपाल में नरसंहार संग्रहालय बनने के खिलाफ हूं। भोपाल के सांप्रदायिक सद्भाव को नहीं बिगड़ने देंगे। मैं इसका विरोध करता हूं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने द कश्मीर फाइल्स् के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री के सुझाव पर प्रदेश में जेनोसाइड म्यूजियम बनाने की बात कही थी। इसके बाद विवेक अग्निहोत्री ने कहा था कि राज्य सरकार नरसंहार संग्रहालय स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराएगी। जहां लोगों को पता चलेगा कि कैसे कश्मीरी पंडितों ने आतंकी हमले का सामना किया। इसके बावजूद उन्होंने हथियार नहीं उठाए।