मध्य प्रदेश के नीमच में लोकायुक्त उज्जैन की तीन टीमों ने बुधवार को इंदिरा नगर एमआईजी 40 में रामपुरा वन विभाग के रेंजर जगदीशचंद्र चौधरी के दो घरों और दो वेयर हाउस पर छापा मारा। छापे के बाद करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है। उनके घर से जमीन, मकान, वेयर हाउस, सोना चांदी, ट्रैक्टर और कार सहित करीब 5 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। सुबह 6 बजे शुरू हुई यह छापेमारी करीब 9 घंटे तक चली। जिसमें यह सभी दस्तावेज जब्त किए गए।
लोकायुक्त निरीक्षक बसंत श्रीवास्तव ने रेंजर चौधरी के एमआईजी स्थित निवास पर, निरीक्षक अंतिम पंवार ने रामपुरा और निरीक्षक दिनेश रावल की टीम ने चौथखेड़ा बायपास वेयर हाउस पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान चौधरी के घर से सोने-चांदी के जेवर, बैंक खाते, एलआईसी निवेश खाते, 60 बीघा जमीन, एक मकान, दो वेयर हाउस के दस्तावेज जब्त किए।
रामपुरा में करीब ढाई घंटे चौधरी के सरकारी आवास की भी तलाशी ली गई। हालांकि वहां पर टीम को कुछ नहीं मिला। जबकि चौथखेड़ा के 4 घंटे चली कार्रवाई में वेयर हाउस के रिकॉर्ड जब्त किए। वन विभाग के डीएफओ आरसी विश्वकर्मा का कहना है कि रेंजर चौधरी पर कार्रवाई की सूचना लोकायुक्त ने दी थी। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त की कार्रवाई पूरी होने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षक श्रीवास्तव ने बताया नीमच के इंदिरा नगर स्थित चौधरी के निवास से 40 ग्राम सोने के, 1 किलो 300 ग्राम चांदी के जेवर मिले हैं। 100 ग्राम सोने के जेवर मणिपुरम् गोल्ड लोन के लिए रखा हुआ है। 60 बीघा जमीन, दो वेयर हाउस, एक क्वांटो कार, एक ट्रैक्टर, ट्राला, तीन दोपहिया वाहन तथा 18 हजार रुपए नकद मिले हैं।