हल्की बारिश के बाद स्कूल जाते बच्चे
- फोटो : पीटीआई
पिछले 24 घंटों में मध्यप्रदेश के पश्चिमी और केंद्रीय हिस्सों में मानसून से पहले हुई हल्की बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से राहत देने का काम किया। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में मानसून के अगले सप्ताह तक पहुंचने की संभावना है, लेकिन पिछले 24 घंटों में इंदौर, ग्वालियर, भोपाल और अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है।
राज्य में भारत मौसम विज्ञान (आईएमडी) केंद्र के अधिकारी ने कहा कि बारिश की वजह से राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। अधिकारी ने कहा, 'अगले सप्ताह तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।' उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
अधिकारी ने कहा कि खरगोन और सीधी राज्य के सबसे गर्म शहर थे। सोमवार को इन शहरों का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में खंडवा जिले के पंढाना में सर्वाधिक पांच सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि इस साल एक जून से राज्य में 37.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।