मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 16 अप्रैल को रेलवे के राष्ट्रीय रेल सप्ताह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान यहां रेलवे एक राष्ट्रीय प्रदर्शनी लगाएगा। जिसमें रेलवे द्वारा किए गए कार्यों के मॉडल पेश किए जाएंगे।
भोपाल हाट में आयोजित इस प्रदर्शनी में नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन बुलेट ट्रेन का मॉडल भी पेश करेगी। इस दैरान 15 से 17 अप्रैल तक एक खास तरह की सेल्फी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को बुलेट ट्रेन मॉडल के साथ सेल्फी लेकर फेसबुक पर पोस्ट करनी होगी। पोस्ट करते समय उन्हें भारतीय रेलवे व नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपेरेशन को टैग करना होगा। इस प्रतियोगिता में उसे ही विजेता घोषित किया जाएगा जिसकी फोटो पर सबसे अधिक लाइक आएंगे।
रेलवे के इस कदम के पीछे की वजह बुलेट ट्रेन की ब्रांडिंग करना है। बता दें यह ट्रेन 2022 के आखिर से अहमदाबाद से मुंबई के बीच चलेगी। जो 508 किमी की दूरी महज 2 घंटे 17 मिनट में ही पूरी कर लेगी। इसका किराया 250-3,000 के बीच होगा। वहीं मॉडल के साथ सेल्फी लेने का समय 15 अप्रैल को शाम 6 से रात 9 बजे तक रहेगा और 16 से 17 अप्रैल को सुबह 11 से रात 9 बजे तक रहेगा।
रेलवे बोर्ड के निदेशक सूचना प्रचारक, वेद प्रकाश का कहना है कि सोशल मीडिया पर जिस सेल्फी को सबसे अधिक लाइक मिलेंगे उसे ही इनाम के लिए चुना जाएगा। उन्होंने कहा यह बुलेट ट्रेन की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।