मध्य प्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले भगवान श्री राम पर सियासत गरमा गई है। प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि जल्द ही राम वन गमन पथ न्यास बनाया जाएगा। हालांकि, कांग्रेस को इसमें सियासत नजर आ रही है। कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि भाजपा सिर्फ राम के नाम पर राजनीति करती है।
संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने सोमवार को मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार अपना ड्रीम प्राेजेक्ट जल्द पूरा करेगी। आचार्य शंकर न्यास की तर्ज पर राम वन पथ गमन न्यास शीघ्र गठित किया जाएगा। इस वजह से हमने राम वन गमन पथ को तेजी देने के लिए धर्म धर्मस्व विभाग से निकालकर संस्कृति विभाग में शामिल किया। सरकार जल्द ही न्यास बनाकर काम शुरू करेगी। इस पर कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि यदि बीजेपी राम वन गमन पथ बनाना चाहती है तो मंत्री श्रीलंका तक जमीन देखकर आएं। जहां सीता जी का जन्म हुआ, उनकी अग्नि परीक्षा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राम के नाम पर राजनीति करती है।
बता दें कि भगवान श्रीराम का 14 साल का वनवास उत्तर प्रदेश के अयोध्या से चित्रकूट तक चला। फिर भगवान श्रीराम ने मध्य प्रदेश में प्रवेश किया था। इसी राम वन गमन पथ को सरकार विकसित करना चाहती है। शिवराज सिंह चौहान ने 2006-07 में इसकी घोषणा की थी। पर यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया था। इसके बाद कमलनाथ सरकार ने भी राम वन गमन पथ पर काम शुरू करने का ऐलान किया था। अब भाजपा सरकार फिर से राम वन गमन पथ पर काम कर रही है। लंबे समय से काम में तेजी नहीं आ रही है। अब 2023 के चुनाव से पहले एक फिर राम वन गमन पथ को लेकर चर्चा तेज हो गई है।