लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में एसपी अनुराग सुजानिया ने शनिवार शाम 7 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर पत्रकार वार्ता में खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कृषि उपज मण्डी के सामने आईसीआईसीआई बैंक के बाहर मुख्य रोड पर दो अज्ञात बाइक सवार आरोपियों ने मंडी व्यापारी रूपचंद होतवानी के मुनीम वीरेन्द्र पिता कन्हैयालाल जैन के सिर पर बेसबाल के डंडे से वार कर रुपयों से भरा बैग जिसमें कुल 38 लाख 90 हजार थे, लूटकर फरार हो गये थे।
आबादी क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात घटित होने से एसपी सुजानिय ने क्षेत्र में चेकिंग एवं नाकाबंदी के निर्देश दिए और घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौतम सोलंकी एवं एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी भी अलग-अलग दिशाओं से आरोपियों का पीछा करने हेतु रवाना हुए। घटना के बाद आरोपी पिपलिया मण्डी से गुडभेली रोड पर जाने के कारण समस्त सीमावर्ती थानों की पुलिस द्वारा आरोपियों का पीछा किया गया।
सोश्ल मीडिया पर वायरल हुए फोटो
लूट की वारदात के बाद पिपलिया मण्डी एवं नारायणगढ़ थाना पुलिस द्वारा अपने थाना क्षेत्र के ग्रामीण ग्रुपों में घटना के संबंध में सीसीटीवी में रिकार्ड फोटो वीडियो वायरल की गए। जिसका परिणाम ये रहा कि समय समय पर ग्रामीणजनों द्वारा आरोपियों के बाइक से भागने की सूचना पुलिस को मिलती गई। साथ ही ग्रामीणों द्वारा भी आरोपियों का पीछा किया गया। घेराबंदी के कारण आरोपी अपनी बाइक और रुपयों से भरा बैग छोड़कर भाग गये।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौतम सोलंकी एवं मल्हारगढ़ एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी के नेतृत्व में थाना प्रभारी पिपलिया मण्डी नीरज सारवान, थाना प्रभारी नारायणगढ जितेन्द्र सिसौदिया, चौकी प्रभारी पिपलिया मण्डी अभिषेक बोरासी की टीम का गठन किया। टीम द्वारा घटनास्थल से सफेद रंग की अपाचे बाइक जब्त की गई। बता दें कि जांच के बाद पुलिस खानपुरा निवासी बाइक मालिक तक पहुंची तो उसने बताया की सफेद रंग की अपाचे तीन साल पहले ही अरबाज पिता साबिर पठान निवासी नाहर सैयद रोड को बेच दी थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र लगाया गया जिसके परिणामस्वरूप अरबाज पिता साबिर खॉ पठान को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई।