मध्यप्रदेश के झाबुआ के पेटलावड़ में हुए हृदयविदारक हादसे में मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मरने वालों की संख्या 100 के पार पहुंच चुकी है। वहीं अभी तक हादसे के पीछे असली वजहों का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस की जांच होटल में सिलेंडर फटने और एक दुकान में रखी विस्फोटक सामग्री में धमाका होने, दोनों ही बिंदुओं पर जारी है। वहीं हादसे के बाद पेटलावड़ पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को भी स्थानीय लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ी। लोगों ने उनका जरबदस्त विरोध किया और उनका रास्ता रोकने का प्रयास भी किया।
लोग हादसे के पीछे पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते नाराज थे। हालांकि शिवराज ने लोगों को समझाते हुए कहा कि इस घटना के बाद से मैं ढंग से सो भी नहीं पाया हूं, मेरा मन बहुत दुखी है। उन्होंने मरने वालों के परिजनों को दस दस लाख रुपये की सहायता की घोषणा की। वहीं उन्होंने प्रशासन की भूमिका की जांच का भी आश्वासन दिया।