यदि आप ऑनलाइन पासपोर्ट के लिए आवेदन कर रहे हैं तो इस बात का खास ख्याल रखें कि कहीं आप किसी फर्जी वेबसाइट के जरिए आवेदन तो नहीं कर रहे हैं। पासपोर्ट कार्यालय ने हाल ही में चार फर्जी वेबसाइट पकड़ी हैं। रीजनल पासपोर्ट अधिकारी ने विदेश मंत्रालय से इसकी शिकायत की है।
उन्होंने साइबर पुलिस को मामले की जांच करने और साइट को हटाने के लिए पत्र लिखा है। पासपोर्ट कार्यालय में एक आवेदक ने फर्जी वेबसाइट के जरिए ठगे जाने की लिखित में शिकायत की है। वहीं 30 से ज्यादा आवेदकों ने पासपोर्ट कार्यालय में फोन किया है। जिनमें कई लोगों ने ठगे जाने की बात बताई है।
आवेदकों ने शिकायत में बताया है कि आवेदन करने के बाद पैसा जमा करने की प्रक्रिया के पूरा होते ही साइट बंद हो जाती है। साइट पर दिए मोबाइल नंबर पर फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिलता है। यह फर्जी वेबसाइट इस तरह हैं- www.applypassport.org, www.online passportindia.com, www.passport.india.org, www.onlinepassport.org
पासपोर्ट आवेदन के लिए यह हैं अधिकृत वेबसाइट
पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार www.passportindia.gov.in पर ही लॉग इन करके आवेदन करें। ईमेल पर एक्टिवेट करने के बाद आवेदन करें। सामान्य पासपोर्ट बनाने के लिए 1500 रुपये की फीस लगती है। वहीं तत्काल श्रेणी के लिए यह राशि 3500 रुपये है।