सरकारी एंबुलेंस पर शराब परिवहन करते तीन आरोपी गिरफ्तार
पन्ना जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी एंबुलेंस का इस्तेमाल अवैध शराब परिवहन के लिए किया जा रहा था। गुनौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब 60 हजार रुपये से अधिक कीमत की शराब जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को पिछले कई दिनों से अवैध शराब परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर गुनौर पुलिस ने जाल बिछाया और संदिग्ध सरकारी एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। सबसे हैरानी की बात यह रही कि जिस वाहन का उपयोग मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए होना चाहिए, उसी सरकारी एंबुलेंस का दुरुपयोग शराब तस्करी के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है।
जब्त की गई शराब की कीमत 60 हज़ार
जब्त की गई शराब की कीमत 60 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि एंबुलेंस किसके जिम्मे थी और उसका उपयोग इस तरह से कैसे किया जा रहा था।
ये भी पढ़ें-
मोहब्बत का मोलभाव: पत्नी ने पति के बदले प्रेमिका से वसूले डेढ़ करोड़ रुपये, जानें प्रेमकहानी की अनोखी दास्तां
पुलिस को काफी दिनों से मिल रही थी शिकायत
पुलिस को काफी दिन से शिकायत मिल रही थी कि इस तरह की एंबुलेंस में शराब का अवैध परिवहन हो रहा है वहीं पुलिस ने जब चेकिंग लगाई और एंबुलेंस की सर्चिंग किया तो पुलिस को भारी मात्रा में शराब मिली जिस पर पहुंचने पर आरोपियों ने बताया कि वह काफी दिनों से इस तरह का काम कर रहे हैं।
गुनौर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।