पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत चंदौर चौकी के पास एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नहरी पुल के पास हुए इस हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, सबसे मर्मस्पर्शी बात यह है कि मृतक युवकों में से एक की आज शादी की पहली सालगिरह थी।
घर लौट रहे थे तीनों दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरौली निवासी विजय कुशवाहा (पिता जगदीश कुशवाहा), रज्जू कटकारी (22 वर्ष) और हेतराम केवट (21 वर्ष, पिता राजा राम केवट) मजदूरी का काम करते थे। शनिवार 14 मई देर रात को जब वे नहरी से अपने घर लौट रहे थे, तभी झाल के पास वे हादसे का शिकार हो गए। राहगीरों ने जब उन्हें लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पते देखा, तो तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों ने आनन-फानन में तीनों को अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां रज्जू कटकारी को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर किया गया। पन्ना पहुँचते ही हेतराम केवट ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे घायल विजय कुशवाहा की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जहाँ उसने भी दम तोड़ दिया।
किस्मत का क्रूर मजाक: आज ही थी शादी की सालगिरह
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू मृतक हेतराम केवट से जुड़ा है। मृतक के दादा शिव प्रसाद ने रुंधे गले से बताया कि आज 15 मई को हेतराम की शादी की पहली सालगिरह थी। घर में खुशियों का माहौल होना था, लेकिन अब सब बर्बाद हो गया। हेतराम की पत्नी 8 माह की गर्भवती है। जिसे पिता बनने की खुशियाँ और शादी की सालगिरह मनानी थी, उस दिन उसकी अर्थी उठ रही है।
ये भी पढ़ें- Dhar Bhojshala: हाईकोर्ट ने धार भोजशाला को माना मंदिर, मुस्लिम पक्ष फैसले के विरोध में जाएगा सुप्रीम कोर्ट
अज्ञात वाहन की टक्कर या अनियंत्रित बाइक?
घटना को लेकर फिलहाल संशय बना हुआ है। चदोरा चौकी प्रभारी विक्रम सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और रौंदते हुए निकल गया। पुलिस ने तीनो शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा टक्कर के कारण हुआ या बाइक फिसलने की वजह से। फिलहाल, इस घटना ने बरौली और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गयी है।
अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन।