कुएं में तैरता मिला मादा तेंदुए का शव
जिले के उत्तर वन मंडल पन्ना के देवेंद्र नगर रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीट बृजपुर (कंपार्टमेंट नंबर-99) में एक गहरे कुएं के अंदर एक मादा तेंदुए का शव तैरता हुआ मिला है। इस घटना ने वन विभाग के अधिकारियों के होश उड़ा दिए हैं।
घटना हटूपुर डूंगरिया पहाड़ के पास स्थित राधाकृष्ण मित्र और प्राणकृष्ण मित्र के निजी खेत की है। खेत में सिंचाई के लिए एक गहरा कुआं बना हुआ है। माना जा रहा है कि यह मादा तेंदुआ शिकार की तलाश में या रास्ता भटककर इस कुएं में गिर गई होगी।
कुएं की रखवाली कर रहे चौकीदार मानिकलाल के पिता, रामदास पाल आज जब कुएं के पास पहुंचे उन्होंने कुएं में तेंदुए का बेजान शरीर तैरते देखा। रामदास ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना तुरंत बृजपुर बीट गार्ड बसंत लाल वर्मा को दी। खबर मिलते ही बीट गार्ड ने तुरंत आला अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और खुद मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: युवाओं के गुस्से की नई सियासत: भोपाल में कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री, सरकार पर भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के शुरुआती मुआयने के मुताबिक यह शव करीब 3 से 4 दिन पुराना लग रहा है। अनुमान है कि तीन-चार दिन पहले कुएं में गिरने और बाहर न निकल पाने के कारण पानी में डूबने से तेंदुए की मौत हो गई। इतने दिनों तक पानी में रहने की वजह से तेंदुए का पूरा शरीर बुरी तरह फूल चुका है।
बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते वन्य जीव जंगल में पानी न होने के कारण रिहायशी बस्तियों की तरफ अपना रुख कर रहे हैं। हो सकता है कि इस तेंदुए ने भी बस्ती की ओर मूवमेंट किया और कुएं के पास पहुंचकर पानी की तलाश में कुएं में गिर गया जिससे इसकी मौत हो गई। पन्ना के जंगलों के पास हुई इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।