मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाला कवर कर रहे एक टीवी चैनल के पत्रकार की शनिवार को झाबुआ जिले के मेघनगर में असामयिक मौत हो गई। गुजरात की दाहोद पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।
जानकारी के मुताबिक एक बड़े टीवी चैनल के यह पत्रकार शनिवार को अपनी टीम के साथ मेघनगर में थे। वह इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज की छात्रा नम्रता डामोर के परिजनों का इंटरव्यू लेने गए थे। नम्रता की 2012 में संदिग्ध हालात में मौत हुई थी और एसटीएफ ने उसे व्यापमं केस में अभियुक्त बनाया था।
दोपहर करीब एक बजे इंटरव्यू की पूरी तैयारी करने के बाद वह अचानक गिर पड़े। उन्हें मेघनगर के जीवन ज्योति अस्पताल ले जाया गया। जहां विशेषज्ञ नहीं होने की वजह से पत्रकार को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मेघनगर से लगभग 45 किलोमीटर दूर गुजरात के दाहोद ले जाया गया। जहां उनका पोस्टमार्टम किया गया।