एसडीईआरएफ जवानों का बचाव कार्य रहा सफल।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवती अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ जवानों को घाटों पर व्यापक सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्था के लिए तैनात किया गया था। सोमवार को ब्रह्मपुरी घाट पर एसडीईआरएफ जवानों ने त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई करते हुए तीन श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया, जिससे संभावित हादसा टल गया।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आशीष कुशवाह ने बताया कि सोमवार को बिहार के छपरा निवासी श्रद्धालु क्रिस, पिता अशोक शर्मा, उम्र 22 वर्ष एवं महाराष्ट्र के आनंद, पिता अशोक हलवाई, स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षा सीमा से आगे गहरे पानी की ओर चले गए। घाट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों द्वारा बार-बार सावधान किए जाने के बावजूद दोनों युवक गहराई में पहुंच गए तथा डूबने की स्थिति निर्मित हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घाट पर तैनात एसडीईआरएफ जवान हरिराम सोलंकी ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर लाइफ जैकेट की सहायता से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस बचाव कार्य में एसडीईआरएफ सैनिक राकेश पटेल की भी महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही।
ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा केस: दूसरी पीएम रिपोर्ट भी भोपाल एम्स जैसी! चोट ऐसी नहीं कि मौत हो सके, आज समाप्त हो रही रिमांड
इसके अलावा ब्रह्मपुरी घाट पर ही धार जिले के कृतिक, पिता कमल पाटीदार, उम्र 15 वर्ष, अपने साथियों के साथ स्नान करते समय सुरक्षा रेलिंग के बाहर जाने का प्रयास करते हुए गहरे पानी में फंस गया व डूबने लगा। स्थिति को भांपते हुए एसडीईआरएफ जवान हरिराम सोलंकी एवं राकेश पटेल ने तत्काल सुरक्षा नाव के माध्यम से घटनास्थल पर पहुंचकर नाविक अरुण वर्मा के सहयोग से किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिला कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ, खंडवा आशीष कुमार कुशवाहा ने एसडीईआरएफ जवान हरिराम सोलंकी, राकेश पटेल एवं नाविक अरुण वर्मा द्वारा प्रदर्शित साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्वरित बचाव कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने बताया कि इन जवानों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।