फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओंकारेश्वर: कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 50000 ने की पंचकोशी यात्रा; मेले में पसरा सन्नाटा

Tue, 24 Nov 2026 01:49 PM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ओंकारेश्वर

सार

खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने नर्मदा में डुबकी लगाकर भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। पांच दिन की 75 किलोमीटर लंबी पंचकोशी यात्रा पूरी कर श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंचे। भीड़ को देखते हुए मंदिर  के पट आधा घंटा पहले सुबह 4 बजे खोल दिए गए। दूसरी ओर, इस बार कार्तिक मेले में दुकानदारों को अपेक्षित ग्राहक नहीं मिले। 
विज्ञापन
ओंकारेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। पांच दिन तक चली 75 किलोमीटर की पंचकोशी यात्रा पूरी कर हजारों श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंचे। नर्मदा स्नान के बाद उन्होंने भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और ओंकार पर्वत की परिक्रमा की। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर दर्शन, घाटों पर सुरक्षा, पेयजल और सफाई की व्यवस्था की। हालांकि, धार्मिक आस्था के इस बड़े आयोजन के बीच कार्तिक मेले का कारोबार इस बार फीका रहा।
विज्ञापन


50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शुरू की पंचकोशी यात्रा
ओंकारेश्वर में आयोजित 75वीं पंचकोशी यात्रा में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पांच दिनों में करीब 75 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा पर ओंकारेश्वर पहुंचे। यहां नर्मदा नदी में स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। इसके बाद ओंकार पर्वत की परिक्रमा कर अपने घरों की ओर रवाना हुए।

आधे घंटे पहले खोले गए मंदिर के पट
कार्तिक पूर्णिमा और पंचकोशी यात्रा के श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए श्रीजी ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन की व्यवस्था में बदलाव किया। आम दिनों में मंदिर के पट सुबह 4:30 बजे खुलते हैं, लेकिन मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुबह 4 बजे ही पट खोल दिए गए।
विज्ञापन


श्रीजी ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए ट्रस्ट के कर्मचारियों को पहले ही निर्देश दे दिए गए थे। सामान्य प्रवेश द्वार पर भी भीड़ बढ़ने की आशंका थी, इसलिए श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर दर्शन कराए गए। शाम 4 बजे के बाद आम दिनों की तरह बेलपत्र, फूल और जल चढ़ाने पर प्रतिबंध लगाकर श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए।

नर्मदा का जलस्तर सामान्य रखने की व्यवस्था
कार्तिक पूर्णिमा और पंचकोशी यात्रा के दौरान नर्मदा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बांध प्रबंधन को पहले ही निर्देश दिए गए थे कि नदी का जलस्तर सामान्य रखा जाए। इससे घाटों पर स्नान करने पहुंचे लोगों को परेशानी नहीं हुई।
ओंकारेश्वर बांध के परियोजना प्रमुख धीरेंद्र दीक्षित ने बताया कि खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशों के बाद बांध की टरबाइन संचालित कर नर्मदा नदी में पानी छोड़ा गया। इससे घाटों पर स्नान के लिए जल उपलब्ध रहा और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

घाटों से मंदिर तक सुरक्षा की निगरानी
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। थाना प्रभारी आलोक सिंधिया ने कार्तिक पूर्णिमा से एक दिन पहले ही सुरक्षा की कमान संभाल ली थी। उन्होंने पुलिस जवानों और अन्य विभागों के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नर्मदा के घाटों पर होमगार्ड और नगर परिषद के गोताखोर तैनात किए गए। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने खुद पैदल भ्रमण कर नगर, घाटों और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।

नगर परिषद ने की पेयजल और सफाई की व्यवस्था
ओंकारेश्वर नगर परिषद की मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोनिका पारधी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा और पंचकोशी यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अस्थायी प्याऊ पर टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया गया। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने अलग-अलग पालियों में पूरे नगर में सफाई अभियान चलाया, ताकि श्रद्धालुओं को गंदगी और पेयजल की परेशानी न हो।

धार्मिक आस्था कायम, लेकिन कार्तिक मेले का कारोबार फीका
ओंकारेश्वर में लगने वाला कार्तिक मेला लंबे समय से धार्मिक और सामाजिक परंपरा का हिस्सा रहा है। पूर्वी और पश्चिमी निमाड़, मालवा तथा झाबुआ, अलीराजपुर, सेंधवा, धार, धामनोद, बड़वानी, मांडव, महेश्वर और मंडलेश्वर जैसे क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी परिवार यहां पहुंचते रहे हैं। परिवार के साथ नर्मदा स्नान और ज्योतिर्लिंग दर्शन के बाद मेले में घूमना उनकी पुरानी परंपरा रही है।

हालांकि, इस बार मेले का स्वरूप बदल गया है। पहले ब्रह्मपुरी क्षेत्र में नर्मदा किनारे लगने वाले मेले में बड़े झूले, सर्कस, मौत का कुआं और अस्थायी सिनेमा जैसे मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र होते थे। लेकिन धीरे-धीरे अतिक्रमण के कारण मेला स्थल की जमीन कम होती गई और मनोरंजन के ये साधन भी मेले से गायब होते गए। इस वर्ष नगर परिषद ने मेला निरस्त कर दिया। बताया गया कि 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निधन के कारण मेला निरस्त होने के बाद यह पहली बार है, जब मेला आयोजित नहीं हुआ।

बुजुर्गों की परंपरा निभाने पहुंच रहे आदिवासी परिवार
मेले का स्वरूप और आर्थिक परिस्थितियां बदलने के बावजूद आदिवासी समाज की आस्था बनी हुई है। झाबुआ के 75 वर्षीय कुंवर सिंह बरेला ने बताया कि उनके पिता बचपन में उन्हें कार्तिक मेले में लेकर आते थे। उस समय पूरा परिवार कई दिनों तक ओंकारेश्वर में रुकता था। उन्होंने बताया कि उनके समाज में खेत में पैदा होने वाला अनाज सबसे पहले भगवान ओंकारेश्वर को अर्पित करने की परंपरा है। इसके बाद ही अनाज मंडी या घर के उपयोग में लिया जाता है।

दुकानदारों को नहीं मिला अपेक्षित कारोबार
कार्तिक मेले में दुकान लगाने वाले व्यापारियों के लिए इस बार का अनुभव अच्छा नहीं रहा। कसरावद से चाय, भोजन और नाश्ते की दुकान लेकर पहुंचे राकेश पालीवाल ने बताया कि पिछले वर्षों में लाखों लोग परिवार के साथ मेला घूमने आते थे, लेकिन इस बार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भी दुकानों पर सन्नाटा रहा। उनके मुताबिक, मुश्किल से कर्मचारियों का वेतन निकल पाएगा और आने-जाने का किराया भी अपनी जेब से देना पड़ सकता है।

धार से खेती-किसानी के सामान और बैलों के शृंगार का सामान बेचने पहुंचे पवन सिंह सोलंकी ने भी कारोबार में गिरावट की बात कही। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या कम होने से दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ दुकानदारों का मानना है कि किसान, मजदूर और आदिवासी परिवारों के सामने आर्थिक संकट और बढ़ते खर्च के कारण भी इस बार मेले में कम लोग पहुंचे।

पढ़े-लिखे युवा भी निभा रहे समाज की परंपरा
कार्तिक पूर्णिमा पर ओंकारेश्वर पहुंचे आदिवासी समाज के लोगों ने बताया कि यात्रा का खर्च बढ़ने से अब पहले की तरह पूरा परिवार साथ नहीं आ पाता। पहले कम किराए में परिवार के सभी सदस्य पहुंच जाते थे, लेकिन अब आने-जाने में हजारों रुपये खर्च हो जाते हैं। ऐसे में कई परिवारों से एक या दो सदस्य ही दर्शन और मेले के लिए आते हैं। वे पूजा-पाठ के साथ खेती-किसानी में काम आने वाली सामग्री भी खरीदकर ले जाते हैं।
इस परंपरा को युवा पीढ़ी भी आगे बढ़ा रही है। झाबुआ के दिलीप सिंह सोलंकी ने बताया कि उन्होंने एमएससी की पढ़ाई पूरी कर ली है। नौकरी मिलने पर वे नौकरी करेंगे, अन्यथा माता-पिता के साथ खेती-बाड़ी संभालेंगे। उनका कहना है कि वे देश में कहीं भी रहें, अपने गांव और समाज की रीति-रिवाजों को नहीं भूलेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें