मध्यप्रदेश की इंदौर पुलिस ने शनिवार रात को बहुचर्चित हनीट्रैप मामले में कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय कारोबारी जीतेन्द्र सोनी के घर, होटल, रेस्तरां और नाइट क्लब पर छापे मारे गये। सोनी एक सांध्य दैनिक के मालिक भी हैं। दल जांच के लिए इस मीडिया संस्थान के दफ्तर भी पहुंचा।
पुलिस और प्रशासन की ओर से अब तक इस कार्रवाई का कोई आधिकारिक विवरण नहीं दिया गया है। सोनी का मीडिया संस्थान पिछले कई दिनों से हनी ट्रैप मामले से जुड़े ऑडियो-वीडियो की खबरें प्रकाशित और प्रसारित कर रहा है। इस बीच, स्थानीय पत्रकार संगठनों ने सोनी के मीडिया संस्थान पर छापे को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को डराने का सरकारी प्रयास करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
इस दौरान पुलिस के साथ नगर निगम, बिजली कंपनी, आबकारी विभाग और खाद्य विभाग की टीम साथ थी। पुलिस ने एसडीएम की मौजूदगी में छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान कई लोगों की उनकी तीखी नोंक-झोक भी हुई लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की नहीं चल सकी।
बता दें कि मध्यप्रदेश में हनीट्रैप मामले ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। इस जांच के लपेटे में कई वरिष्ठ अधिकारी भी आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने इस मामलेे की जांच के लिए एक एसआईटी की गठन भी किया था।