पुलिसकर्मी से मारपीट करता स्टंटबाज।
- फोटो : अमर उजाला
नीमच में पिछले कुछ माह से एक युवक स्कूटी पर स्टंट करता हुआ देखा जा रहा है। इसका वीडियो सामने आने के बाद स्टंटबाज की पुलिस ने तलाश शुरू की। रविवार शाम को शहर के शोरूम चौराहे पर स्टंटबाज को रोका तो वह पुलिस के साथ ही मारपीट पर उतर आया। पुलिस जवान के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। नीमच कैंट थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
नीमच में स्कूटी पर कभी डांस तो कभी लहराते हुए स्कूटी चलाते हुए युवक का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। रविवार शाम को शोरूम चौराहे पर पुलिस जवान की ड्यूटी लगी हुई थी। तभी वहां युवक खतरनाक स्टंट स्कूटी पर कर रहा था। पुलिस ने उसे रोका तो उसने हाथापाई करना शुरू कर दी। वह पुलिस को गालियां देने लगा। काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ा। आरोपी का नाम सौरभ पिता ताराचंद छाबड़ा (38) निवासी बघाना है। बताया जा रहा है कि आरोपी बीते एक वर्ष से शहर में स्कूटी पर स्टंट कर रहा था। कभी स्कूटी को टेढ़ा मेड़ा करता तो कभी चलती स्कूटी पर खड़े होकर डांस करता।
यह भी पढ़ें-
भीड़ का फायदा उठाकर देवी मंदिर में चोरी, दो महिलाओं के गले से निकाले मंगलसूत्र, घटना कैमरे में कैद
युवक स्कूटी पर अक्सर स्टंट करता है
नीमच कैंट थाना प्रभारी पुष्पासिंह चौहान ने बताया कि आरोपी युवक अकसर शहर के प्रमुख मार्गों पर स्टंट करता रहता है। रोकने-टोकने पर वह अकसर विवाद भी करता है। रविवार को युवक ने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की है, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उसे गिरफ्तार कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, मारपीट करने और लोक शांति भंग करने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।