सड़क दुर्घटना (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Amar Ujala
सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जवासा के पास सड़क पर अपने परिचित का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे व्यक्ति की मौत हो गई। उक्त व्यक्ति को टक्कर मारने के पहले कार ट्रैक्टर से टकराई, जिससे कार चालक कार से संतुलन खो बैठा। इसके बाद कार मोहनलाल को टक्कर मारते हुए खाई में जा गिरी। सूचना पर सीटी थाना पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं हादसे में कार चालक भी घायल हो गया जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
नीमच सिटी थाना क्षेत्र के बगीचा नंबर 10 निवासी मोहनलाल अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मंदसौर के दुधाखेड़ी माताजी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे, इसी दौरान ग्राम जवासा के निकट उनकी कार खराब हो गई। मोहनलाल ने दूसरी गाड़ी के लिए परिचितों को बुलाया। परिवार को सड़क पर खराब पड़ी कार के पास खड़ा देख मौके से गुजर रहा ट्रैक्टर चालक भी उनकी मदद के लिए रुक गया। मोहनलाल सड़क की दूसरी तरफ टॉयलेट के लिए जा रहे थे तभी मनासा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक MP 44 CA 8643 ने कार से संतुलन खोते हुए पहले सड़क की साइड में खड़े ट्रैक्टर को टक्कर मारी उसके बाद सड़क क्रॉस कर रहे मोहनलाल को कुचल दिया। इसके बाद कार खाई में जा गिरी। जिससे कार चालक भी घायल हो गया, जिसका इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मोहनलाल को एंबुलेंस की मदद से नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मोहनलाल की मौत हो गई। परिजनों की मौजूदगी में मोहनलाल के शव का पीएम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है।