ट्रासपोर्ट पर काम करने वाले युवक का शव फंदे पर लटका मिला है।
- फोटो : सोशल मीडिया
कर्नाटक-महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करने वाले युवक का शव उसी ऑफिस में संदिग्ध अवस्था में लटका मिला। युवक के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था और हाथ भी पीछे से बंधे हुए थे। जिससे आशंका जताई जा रही है की युवक की हत्या कर उसको फंदे पर लटकाया गया है। मृतक युवक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नीमच कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डुंगलावदा में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फ़ैल गई, जब डुंगलावदा स्थित कर्नाटक महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट ऑफिस पर संतोष पिता रमेश मेघवाल (19) का शव संदेहास्पद स्थिति में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक युवक के पिता रमेश मेघवाल व परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पंचनामा बनाकर शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक युवक संतोष बनडा तहसील रामपुरा जिला नीमच का निवासी है, जो कि विगत एक वर्ष से नीमच स्थित कर्नाटक महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट संजय गर्ग के यहां मुनीम का कार्य कर रहा था। उसी ट्रांसपोर्ट ऑफिस में संतोष संदेहास्पद परिस्थिति में फंदे पर लटका मिला। ट्रांसपोर्ट के ऑफिस में फंदे पर लटके मृतक संतोष के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था तो वहीं हाथ भी पीछे की तरफ कपड़े से बंधे हुए पाए गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर या फिर जिंदा ही फंदे पर लटका दिया गया।