कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को नर्मदा स्नान के दौरान नरसिंहपुर जिले के अलग-अलग घाटों पर बड़ा हादसा हो गया। नर्मदा के ककरा घाट और बरमान घाट में स्नान करने पहुंचे चार युवक गहरे पानी में डूब गए। इनमें से ककरा घाट में दो को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दो की तलाश अब भी जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि बरमान घाट पर राजभोज पिता नारायण गौड़ (13 वर्ष), निवासी केरपानी नर्मदा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। वहीं तेंदुखेड़ा थाना प्रभारी बी.एल. त्यागी के अनुसार, ककरा घाट पर मोहित सोनी पिता संतोष सोनी (13 वर्ष), निवासी गाडरवारा डूब गए।
दोनों किशोरों की तलाश में SDRF की टीम लगातार नदी में खोजबीन कर रही है। बच्चों के परिवार जन इस घटना से काफी दुखी है।