युवक की तलाश करती रेस्क्यू टीम
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार को गोटेगांव थाना क्षेत्र के चिरचिटा गांव स्थित डैम में मछली पकड़ने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। रोज की तरह दोनों सुबह घर से निकले थे, लेकिन शाम होते-होते गांव में उनकी मौत की खबर पहुंची तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया। राजा यादव (19) निवासी देगुवां बैरोड़ा और राजकुमार ठाकुर (20) निवासी श्रीदेव मुरलीधर (गोटेगांव) की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में मातम पसर गया। मां की चीखें और पिता की चुप्पी ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
डैम किनारे से गहराई तक पहुंचे... फिर बाहर नहीं आ सके
जानकारी के मुताबिक, राजा और राजकुमार मंगलवार सुबह चिरचिटा डैम पर मछली पकड़ने गए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन मछली पकड़ने के चक्कर में दोनों धीरे-धीरे डैम की गहराई की तरफ बढ़ते चले गए। अचानक संतुलन बिगड़ा और दोनों गहरे पानी में समा गए। पहले एक ने शोर मचाया, फिर दूसरा भी डूबने लगा देखते ही देखते पानी में सन्नाटा छा गया।