कोतवाली थाना क्षेत्र के चरहाई इलाके में मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 50 वर्षीय लता सोनी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। महिला का शव घर की ऊपरी मंजिल स्थित बेडरूम में खून से लथपथ हालत में मिला। वारदात के बाद से महिला का पति लापता है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की निर्मम हत्या धारदार हथियार से की गई है। मौके से अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं।
ये भी पढ़ें-
अनूपपुर में दोहरा हत्याकांड: आधी रात को घर में घुसकर किए ताबड़तोड़ वार, पति और महिला की मौत, पत्नी गंभीर जख्मी
पति की तलाश में पुलिस दबिश
कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि मृतका का पति मनोज सोनी घटना के बाद से घर से गायब है। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पति के बयान के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
अहमदाबाद में नौकरी करता है बेटा
पुलिस के मुताबिक महिला अपने पति के साथ रहती थी, जबकि उनका बेटा अहमदाबाद में नौकरी करता है। वारदात के वक्त घर में कोई और मौजूद नहीं था। पुलिस पारिवारिक विवाद, लेन-देन और अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर लिया जाएगा।