फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन: नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम, पुलिस से झड़प; किसान नेताओं को बसों में भरकर प्रदर्शन स्थल से हटाया

Thu, 26 Nov 2026 08:42 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नरसिंहपुर

सार

नरसिंहपुर में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसानों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम किया। पुलिस से झड़प के बाद आधा सैकड़ा से अधिक किसान नेताओं को बसों में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से हटाया गया। शुक्रवार को भोपाल में कृषि सचिव के साथ बैठक प्रस्तावित है।
विज्ञापन
नरसिंहपुर में किसानों का आंदोलन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नरसिंहपुर गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग को लेकर जिले में किसानों का आंदोलन गुरुवार को उग्र रूप लेता नजर आया। अपनी मांगों को लेकर लामबंद हुए सैकड़ों किसानों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते नरसिंहपुर से सागर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद झड़प की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा सैकड़ा से अधिक किसान नेताओं को बसों में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से हटा दिया।
विज्ञापन


दरअसल, जिले के किसान लंबे समय से गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग उठा रहे हैं। किसानों का कहना है कि वर्तमान में शक्कर मिल संचालकों द्वारा गन्ने का भुगतान लगभग 450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया जा रहा है, जो खेती की बढ़ती लागत, मजदूरी, खाद, बिजली और सिंचाई के खर्च को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। किसानों का तर्क है कि जब बाजार में शक्कर का भाव लगभग 60 रुपये प्रति किलो के आसपास है, तो गन्ना उत्पादक किसानों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर आठ किसान संगठनों के सदस्य आंदोलन में शामिल हुए।

 
Trending Videos

वाहनों की कतारें लगीं
गुरुवार को बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होकर नेशनल हाईवे-44 पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की और यातायात बहाल करने के लिए समझाइश दी, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। मांगों पर तत्काल सहमति नहीं बनने से किसानों ने सड़क से हटने से इनकार कर दिया।

स्थिति बिगड़ती देख पांच थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस और किसान नेताओं के बीच काफी देर तक बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। इस दौरान आधा सैकड़ा से अधिक किसान नेताओं को पुलिस वाहनों और बसों में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से बाहर ले जाया गया।

 
विज्ञापन

रेलवे लाइन और शुगर मिल की ओर बढ़े किसान
हाईवे पर प्रदर्शन के बाद कुछ किसान रेलवे लाइन की ओर बढ़ने लगे, जिन्हें पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। वहीं कुछ किसान करेली शुगर मिल बंद कराने के उद्देश्य से आगे बढ़े, लेकिन पुलिस ने टट्टा पुल के पास उन्हें रोककर आगे जाने नहीं दिया। यहां भी पुलिस और किसानों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को बसों में बैठाकर थाने पहुंचाया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने आंदोलन को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया।

भोपाल में कृषि सचिव के साथ बैठक की संभावना
इस आंदोलन के बीच किसानों और प्रशासन के बीच बातचीत के रास्ते भी तलाशे जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भोपाल में कृषि सचिव के साथ किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक प्रस्तावित होने की बात सामने आई है। यदि बैठक आयोजित होती है तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसान संगठन के नेता अपनी मांगें और समस्याएं रख सकते हैं। हालांकि बैठक और उसमें होने वाली चर्चा को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

फिलहाल गन्ने के भाव को लेकर किसानों का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा है। किसानों का स्पष्ट कहना है कि जब तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। गुरुवार को हुए चक्काजाम, पुलिस कार्रवाई और किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने की घटना ने जिले में गन्ना मूल्य का मुद्दा एक बार फिर गरमा दिया है। अब सभी की नजरें भोपाल में प्रस्तावित बैठक और सरकार के रुख पर टिकी हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें