दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट कटने के बाद पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भोपाल पहुंचे। उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें पार्टी के फैसले से कोई नाराजगी नहीं है और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे। चलिए बता रहे हैं नरोत्तम ने इस बीच और क्या-क्या कहा है?
दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 को लेकर सियासी गहमागहमी जारी है। इस बीच टिकट कटने और सियासी बवाल के बीच पूर्व मंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा भोपाल पहुंच चुके हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की।
विज्ञापन
'कार्यकर्ता अपनी बात पार्टी फोरम पर तय प्रक्रिया के अनुसार रखें'
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ता उनके अपने हैं और उन्हें धैर्य व संयम का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपनी बात पार्टी फोरम पर तय प्रक्रिया के अनुसार रखें। उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी कार्यकर्ता उनकी बात मान जाएंगे।
भाजपा नेतृत्व से चर्चा के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी बात होगी, सभी से चर्चा करेंगे। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के दतिया जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें जाना चाहिए। वहीं, नामांकन में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं जरूर शामिल होऊंगा।
'मेरी किसी से कोई नाराजगी नहीं है'
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पार्टी जो कहेगी, वही करूंगा। मेरी किसी से कोई नाराजगी नहीं है। टिकट कटने की जानकारी कब मिली, इस सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जब आपको पता चला, तब मुझे भी पता चला।