नर्मदापुरम के इटारसी शहर के नेहरूगंज में रविवार सुबह 4:00 बजे के लगभग तीन मकानों में भीषण आग लग गई। हादसे में एक दिव्यांग व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई। यहां तीन मकानों में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि तीनों मकानों के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। ये भी पढ़ें- नगर निगम ने इमारतों की अग्निशमन सुरक्षा को लेकर जारी की चेतावनी, तुरंत करें सुधार! जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना में मकान के अंदर रह रहे एक दिव्यांग व्यक्ति राजेंद्र उर्फ राजू राजपूत की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकलों की मदद से आग पर काबू पाने के तमाम प्रयास करने में जुट गई। आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों भी घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। करीब सात दमकलों की मदद से आग पर तीन घंटे बाद काबू पाया गया। ये भी पढ़ें- फ्रेंचाइजी देकर 8.30 करोड़ की ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, एमपी से महाराष्ट्र तक बिछाया जाल जिन मकानों में आग लगी है वह बालाजी मंदिर की प्रॉपर्टी बताई जा रहे हैं। इन मकानों में जो परिवार निवास कर रहे हैं, वह किरायेदार हैं। आगजनी की घटना में एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत होने के साथ ही लगभग लाखों रुपये का सामान जल गया। इन मकानों में गंगराड़े टाइपिंग वाले, हरिमोहन तिवारी, अधिवक्ता रवि सावदकर और राजेन्द्र राजपूत रह रहे थे। इनमें राजेंद्र की दुखद मौत हो गई। नगर प्रशासन और पुलिस द्वारा मकानों में आग कैसे लगी इसके कारणों की जांच की जा रही है। व्यक्ति राजू राजपूत के शव को पुलिस ने मौके से बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए इटारसी के सरकारी अस्पताल भेजा है।