नर्मदापुरम में सड़क हादसे के बाद ऑटो पर गिरे मलबे को हटाते हुए पुलिस और ग्रामीण।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। यह मामला सिवनी मालवा थाना क्षेत्र का है। सिवनी मालवा से इटारसी जा रहे ऑटो पर केले से भरा ट्रक पलट गया। इससे एक महिला और उसके दो बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
नर्मदापुरम जिले के ग्राम रतवारा के पास यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक ऑटो में सवार महिला और दो बच्चे सिवनी मालवा से इटारसी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेजी से आ रहे ट्रक ने उन को टक्कर मारी और केले से भरा ट्रक उसी ऑटो पर पलट गया। दुर्घटना में महिला और बच्चे ऑटो में ही दबे रह गए। ऑटो चालक किसी तरह जान बचा पाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर ऑटो में दबे शवों को बाहर निकाला।
नर्मदापुरम-हरदा स्टेट हाईवे पर रतवाड़ा-डोलरिया के पास यह भीषण हादसा हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़ फरार हो गया। डोलरिया थाना प्रभारी आम्रपाली डाहट के अनुसार ट्रक हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई है। नीचे दबे शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क हादसे में आरती गौर उम्र 36 वर्ष, कंचन गौर उम्र 17 वर्ष और गौरव गौर उम्र 12 वर्ष की मौत हुई है। तीनों सिवनी बनापुरा निवासी है। दो माह पहले ही आरती के पति की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। आरती का भाई सुनील गौर उर्फ भोला निवासी मालवीयगंज ऑटो चला रहा था। उसे इलाज के लिए डोलरिया भेज दिया गया है।