भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सीबीआई के दुरुपयोग का मामला उठाया।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कोयला है लेकिन कालिमा शिवराज सिंह चौहान के चेहरे पर नहीं लगी। जबकि पूरी की पूरी कांग्रेस कोयले के रंग में रंग गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों के विकास में केंद्र रोड़े अटकाता है। मोदी ने कहा कि सीबीआई में हिम्मत है तो वह बताए कि कोयला घोटाले में कौन लोग शामिल हैं।
बुधवार दोपहर बैढ़न के स्थानीय राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में हुई रैली में खचाखच भीड़ के बीच मोदी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की।
उन्होंने कहा सिंगरौली कभी सीधी का एक हिस्सा हुआ करता था लेकिन शिवराज सिंह चौहान ने उसे आज विश्व में पहचान देने का काम किया है।
मोदी ने कहा कि कोयला तो कांग्रेस के समय में भी था। तब एक चिमनी जलती थी। आज शिवराज ने इसे मध्यप्रदेश का पावर हाउस बना दिया। वह दिन भी दूर नहीं जब सिंगरौली हिंदुस्तान का पावर हाउस बनेगा।
मोदी ने कोल घोटाले का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सीबीआई में हिम्मत है तो वह उनके नाम बताए जिनकी चिट्ठी-चपाती पर सरकार कोयले की खदानें आवंटित करती थी।
24 मिनट के अपने भाषण में मोदी ने कांग्रेस को ललकारा कि आठ दिसंबर को चुनाव के नतीजे देखने हों तो हेलीकॉप्टर लेकर जरा स्टेडियम की भीड़ पर नजर दौड़ाइए। परिणाम आज ही पता चल जाएगा।