मध्य प्रदेश के इंदौर में एमवाई अस्पताल में कोरोना मरीजों की देखभाल कर रही नर्स शालिनी जयपिल्लै का बीमारी की चपेट में आकर निधन हो गया। शालिनी लंबे समय में अस्पताल में कोरोना के मरीजों का इलाज कर रही थीं। इलाज करते-करते शालिनी खुद कोरोना से संक्रमित हो गईं और उनकी मौत हो गई।
मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी और जिलाध्यक्ष करण भगत ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस बारे में पत्र लिखा है। पत्र में इन्होंने शालिनी के स्वजन को 50 लाख रुपये और शासकीय नौकरी देने की मांग की है। इसके अलावा इंदौर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 279 नए मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि नए मामलों के बाद जिले में संक्रमितों की कुल तादाद बढ़कर 14,031 हो गई है। इनमें से 411 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 9,660 लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
इसके अलावा अधिकारियों ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस संक्रमण से उपचाररत मरीजों की संख्या बढ़कर 3,960 पर पहुंच गयी है। इनमें घर पर पृथक-वास कर रहे मरीज भी शामिल हैं।