मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि सरकार किसानों से 2,700 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद करेगी। साथ ही, खाद और बीज के कृषि ऋण को अब 31 मार्च की पुरानी समय सीमा के स्थान पर जून और जुलाई महीने में शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर जमा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभप्रद बनाने का संदेश दिया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों के साथ सीधा संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि खेती को घाटे का सौदा न समझें, बल्कि इसे उन्नत तकनीकों के माध्यम से बेहतर आमदनी का साधन बनाएं। मुख्यमंत्री ने किसानों से कृषि भूमि न बेचने का आग्रह करते हुए कहा कि आने वाला समय किसानों के जीवन में समृद्धि लेकर आएगा।
समर्थन मूल्य और बिजली आपूर्ति की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। उन्होंने कहा, आगामी समय में सरकार किसानों से 2,700 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद करेगी। प्रदेश में धान की औसत पैदावार में सुधार हुआ है और यह 32 से बढ़कर 36 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गई है। इसके अतिरिक्त, गेहूं और चने की फसल की निर्बाध सिंचाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किसानों को दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: पीडब्ल्यूडी विश्राम गृहों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, ठहर सकेंगे आम नागरिक
ऋण अदायगी सीमा में राहत और विविधीकरण
किसानों को वित्तीय राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने एलान क?या कि खाद और बीज के लिए लिए गए कृषि ऋण को अब 31 मार्च की पुरानी समय सीमा के स्थान पर जून और जुलाई महीने में शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर जमा किया जा सकेगा। उन्होंने कृषकों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन तथा उद्यानिकी जैसी गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी और नवाचार
महोत्सव के दौरान आयोजित कृषि प्रदर्शनी में कुल 16 स्टॉल लगाए गए, जो किसानों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने रहे। इन स्टॉलों पर रीपर कम बाइंडर, डीएसआर मशीन, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, स्ट्रॉ रीपर, थ्रेशर, लेजर लैंड लेवलर और रोटावेटर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों को प्रदर्शित किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती के तरीकों, नवीन कृषि पद्धतियों और फसल उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।