मध्य प्रदेश में आगामी चुनाव के पहले राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सुबह बैठक लेने और आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए खिलौने एकत्रित करने निकलने को नाटक नौटंकी बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री के ठेला चलाकर खिलौने एकत्रित करने के सवाल पर कहा कि देखिये कोई न कोई नाटक-नौटंकी उनको करना है। आज वह बिजली की बात नहीं करते, बेरोजगारी की बात नहीं करते, किसान की बात नहीं करते..? अब वह ठेला चलाएंगे, अब तो वह समय आ रहा है कि वह परमानेंटली ठेला चलाएंगे। सीएम ने सुबह की समीक्षा बैठक के सवाल पर कहा कि उनको तो कोई ना कोई इवेंट बनाना है। मीडियो के लिए हेड लाइन बनाना है। उन्होंने कहा कि कुछ भी कर लो ठेला चला लो, कुछ भी नौटंकी कर लो, वह सोचते है कि इससे प्रदेश की जनता गुमराह होगी लेकिन मुझे प्रदेश के मतदाताओं पर, प्रदेश की जनता पर पूरा विश्वास है कि वह अंत में सच्चाई पहचान कर, सच्चाई का साथ देगी। कमलनाथ ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
ओबीसी महासभा के बंद को पूरा समर्थन
कमलनाथ ने कहा कि आज ओबीसी वर्ग के साथ घोर अन्याय हुआ है और जो 50% से ज्यादा ओबीसी वर्ग मध्य प्रदेश में है तो उसी के मुताबिक हमने 27% आरक्षण देने का कानून बनाया था, लेकिन शिवराज सरकार ने ठीक ढंग से सुप्रीम कोर्ट में कई माह मिलने के बाद भी रिपोर्ट पेश नहीं की। सुप्रीम कोर्ट ने तो अपने निर्णय में भी यह कहा कि हम इस रिपोर्ट को अस्वीकार करते है। कमलनाथ ने कहा कि यह खींचतान के ऐसा आरक्षण ला रहे हैं, जिसमें ओबीसी वर्ग के साथ घोर अन्याय होगा, कहीं उन्हें 5% आरक्षण मिलेगा, कहीं 7% मिलेगा और अब यह प्रचार कर रहे हैं कि आरक्षण मिल गया।आज तो प्रश्न यह है कि कितना आरक्षण हुआ, कितने प्रतिशत आरक्षण हुआ, यह सिर्फ़ झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे है।