मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के इंदौर खालसा कालेज में सम्मान विवाद में कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष नरेंद्र सलूजा को हटा दिया गया है। सलूजा को कांग्रेस कार्यालय आने से मना कर दिया गया है। वहीं, इस बारे में नरेंद्र सलूजा ने कोई जानकारी नहीं होने की बात कही है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ नरेंद्र सलूजा से नाराज चल रहे है। सूत्रों के अनुसार इंदौर घटना मामले में कमलनाथ ने जांच कराई। जिसमें नरेंद्र सलूजा का नाम सामने आया है। इसके चलते ही उनपर कार्रवाई की गई है। इसके बाद शनिवार को उनको पीसीसी मुख्यालय नहीं आने का मैसेज करा दिया गया। नरेंद्र सलूजा मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष और कमलनाथ के मीडिया समन्वयक के पद पर है। हालांकि इस मामले में नरेंद्र सलूजा से बात कि तो उन्होंने कहा कि वह पारिवारिक कार्यक्रम में एक सप्ताह की छुट्टी पर आए है। उनको हटाने के संबंध में ना तो कोई आधिकारिक पत्र मिला है और ना ही सूचना है।
बता दें हाल ही में इंदौर के खालसा कॉलेज में पूर्व सीएम कमलनाथ के प्रकाश पर्व पर आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में पहुंचे थे और मत्था टेका। इस पर पदाधिकारियों ने उन्हें सरोपा सौंपा और सम्मान किया। इस पर एक कीर्तनकार ने उनके सम्मान का विरोध कर दिया। उन्होंने पूरे समाज के सामने आयोजकों को जमकर खरी खोटी सुनाते कहा कि जिसके कहने पर 1984 में हजारों सिखों को कत्ल हुआ। दुकानें जलाई गई। हमारी माताओं बहनों की इज्जत पर हाथ डाला गया। हम उसका सम्मान कर रहे है। उन्होंने आगे वाहे गुरु गोविंद सिंह की सौगन्ध खाकर कभी भी इंदौर नहीं आने की बात कही थी। इस पर जमकर विवाद हुआ।