मध्यप्रदेश के कटनी जिले में दो मासूम बच्चों की खदान में डूबकर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे पर उन्हें बचा नहीं सके।
मामला बिलहरी चौकी अंतर्गत करहैया ग्राम के पास का बताया गया। जहां संचालक शिवाशिष बैनर्जी की मुरम खदान में नहाते वक्त दो बच्चे डूब गए। घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों सहित परिजनों ने शव को एक-एक करके बाहर निकाले और बिलहरी चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी। जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी गोपाल विश्वकर्मा अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर दोनों शवों की पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
चौकी प्रभारी गोपाल विश्वकर्मा के मुताबिक दोनों मृतक बच्चे करहैया ग्राम निवासी बताए गए, जिनमे से पहला 12 वर्षीय आनंद पिता दलबहादुर वासुदेव तो दूसरा 8 वर्षीय कुलदीप पिता रवि है। ये घर से खेलने निकले थे, वहीं गांव के बाहर मुरम खदान में पानी भरा देख दोनों बच्चे नहाने लगे और गहरे पानी में जाने से उनकी मौत हो गई है। बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।