झोलछाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले के उमराली क्षेत्र के ग्राम सुमनियावाट में सात माह की गर्भवती 23 वर्षीय भिन्टी थानका की इलाज के दौरान मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों के अनुसार भिन्टी सात माह की गर्भवती थी और तबीयत खराब होने पर शनिवार को उसे गांव में इलाज के लिए एक कथित बंगाली डॉक्टर के पास ले जाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को ड्रिप चढ़ाई और कुछ दवाइयां दीं लेकिन उपचार के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर रवाना हुए लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मृतका के परिजनों ने उपचार में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित चिकित्सक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर सही उपचार मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें: Satna News: सतना में खौफनाक वारदात! लापता युवक का शव बोरे में मिला, हत्या के आरोपों से गरमाया माहौल
मामले की जांच पुलिस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच, चिकित्सकीय परीक्षण और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर लगाया जाएगा। जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप एवं कथित अवैध चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।