पहली बारिश में ही कलियासोत नदी पर बना पुल धंसा
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिन से जारी तेज बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। निचली बस्तियों में पानी भर गया है। सड़क निर्माण की कमियां और भ्रष्टाचार भी अब सामने आ रहा है। हाल ही में बने भोपाल-जबलपुर हाईवे पर कलियासोत नदी पर बने पुल का 50 मीटर हिस्सा धंस गया है। इससे एक तरफ का यातायात बंद कर दिया गया है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है।
भोपाल-जबलपुर हाईवे पर मंडीदीप इंडस्ट्रीज एरिया के पास कलियासोत नदी पर पुल बना है। दो दिन से कलियासोत डैम के गेट खोले गए हैं, इससे बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। इससे पुल का एक हिस्सा ढह गया है। प्रशासन ने मण्डीदीप से मिसरोद के बीच पुल धंसने के चलते एक तरफ से रास्ता बंद कर दिया है। यह सड़क सीडीएस कंपनी ने एक साल पहले बनाई थी। इससे 559 करोड़ रुपये के हाईवे के निर्माण पर सवाल खड़े हो गए है। कांग्रेस ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अजय सिंह यादव ने कहा कि मंडीदीप में NH-12 पर कलियासोत नदी पर बने पुल का धंसना भाजपा के भ्रष्टाचार तंत्र की कलई खोलता है। भ्रष्टाचार से पुल का निर्माण किया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खुल गई है।
एमपीआरडीसी के संभागीय प्रबंधक एमएच रिजवी का कहना है कि रविवार दोपहर में ही सड़क पर दरार दिखने पर एक तरफ का रास्ता बंद करा दिया था। रात 11.30 बजे रिटेनिंग वॉल गिरी है। दो साल पहले पुल पर यह सर्विस रोड बनाया गया था। यह पांच साल की वारंटी में है। पुल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। बरसात के बाद इसको पूरी तरह भरवा दिया जाएगा।
यह भी लग रहे आरोप
सड़क निर्माण एजेंसी सीडीएस और एमपीआरडीसी के अधिकारियों पर पुल निर्माण में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लग रहे है। यह जानकारी सामने आ रही है कि सड़क को बीस मीटर काली मिट्टी डालकर ऊंचा उठाया गया। यहीं नहीं कंपनी को मिसरोद से विनेका तक का ठेका दिया गया था। यह भी सामने आ रहा है कि कंपनी ने करोड़ों रुपए बचाने के चक्कर में चार बड़े पुल की मरम्मत कर नया कर दिया गया। इस तरह की कई खामियां अब सामने आ रही है।