नकुल नाथ मीडिया को संबोधित करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी उनके ही गले पड़ रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने जबलपुर में कहा था कि स्थानीय चुनावों में मेरा कोई इंटरेस्ट नहीं है। तब भाजपा ने इसे मुद्दा बनाया। अब कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुल नाथ ने वोटिंग से ही किनारा कर लिया। इससे तो जैसे भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कमलनाथ पर हमला करने के नए हथियार मिल गए।
छिंदवाड़ा में नकुल नाथ ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वोट देना जनता का काम है। उनसे पंचायत चुनावों में वोट न देने से जुड़ा सवाल पूछा गया था। इस मुद्दे को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उठा रखा है। भाजपा इस चुनाव में हार रही है। वह कुछ भी झूठे आरोप लगा देती है। मैं तो सिर्फ इतना ही कहना चाहता हूं कि छिंदवाड़ा की जनता बदलाव चाहती है। जनता हमारे साथ है।
यह नहीं बता सके कि वोट क्यों नहीं दिया
जीत का दावा जरूर कर दिया, पर सांसद नकुलनाथ यह नहीं बता पाए कि उन्होंने और उनके परिवार ने लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा क्यों नहीं किया। इस बात को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा कमलनाथ और उनके बेटे सांसद नकुल नाथ के परिवार द्वारा मतदान नहीं करने पर हमला बोल रही है। हालांकि, पत्रकारों से चर्चा में नकुल ने कहा कि जिला और जनपद में इस बार कांग्रेस की सरकार बैठेगी। जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताया है जिसके कारण अब जिला पंचायत और जनपद पंचायत में पूरी बॉडी कांग्रेस की होगी।
तीसरे चरण में वोटिंग हुई थी
कमलनाथ और उनके बेटे सांसद नकुलनाथ का वोट मोहखेड़ ब्लॉक के शिकारपुर में आता है। यहां तीसरे चरण में दो दिन पहले वोटिंग हुई थी। इसी दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले की बुदनी तहसील में वोट डाला था। वह भी पूरे परिवार के साथ। वहीं, कमलनाथ या उनके बेटे का कोई फोटो इस संबंध में सामने नहीं आया।