बिजली गिरने की सूचना पर पुलिस स्कूल पहुंच गई थी।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के स्कूल पर गुरुवार को आसमानी बिजली गिरने का मामला सामने आया है। घटना के समय स्कूल में कई बच्चे पढ़ रहे थे। शिक्षक को जैसे ही करंट लगा, उसने सभी बच्चों को बाहर जाने का आदेश दे दिया। हादसे से छत का मलबा भी गिरा है, शुक्र है किसी को चोट नहीं पहुंची।
जानकारी के अनुसार मामला दमोह जिले के हटा ब्लॉक अंतर्गत आने वाले मडियादौ संकुल के तालगांव का है। तालगांव प्राथमिक स्कूल में गुरुवार दोपहर तेज गरज व बारिश हो रही थी। कई बच्चे स्कूल में पढ़ रहे थे। तभी तेज गरज की आवाज के साथ स्कूल पर बिजली गिर गई। कक्षा में मौजूद शिक्षक निशांत छिरोल्या को करंट का झटका महसूस हुआ तो उन्होंने सभी बच्चों को तुरंत स्कूल से बाहर निकलने के आदेश दे दिए।
इधर बिजली गिरने के कारण स्कूल की छत से कुछ मलबा भी कक्षा में गिरा है। हालांकि बच्चे बाहर जा चुके थे, इससे किसी को कोई चोट नहीं पहुंची है। इसके बाद तत्काल डायल 100 को सूचना दी गई। शिक्षक निशांत को इलाज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालांकि उनकी हालत ठीक है।
ढाबे पर भी गिरी बिजली, 12 को लगा करंट
बताया जा रहा है कि गुरुवार को ही वर्धा रोड पर बन रहे धर्मेंद्र सेन के ढाबे पर भी गाज गिरने का समाचार है। इससे 12 से अधिक लोग करंट की चपेट में आ गए। बिजली गिरने से पास की एक दीवार गिर गई और अन्य दीवारों में दरार आ गई।