मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को पत्र लिखा है। कमलनाथ ने पत्र में सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर एसपी कानून के खिलाफ जाकर कांग्रेसियों पर कार्रवाई करते हैं तो उनके खिलाफ पार्टी मुकदमा करेगी।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखा है। पत्र में कमलनाथ ने कहा कि उन्हें इस तरह की जानकारी मिल रही है कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ताओं और ऊर्जावान नेताओं पर पुलिस झूठे मुकदमे कर रही है। उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्हें जान-बूझकर सत्तारूढ़ पार्टी के इशारे पर चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठे दंडात्मक प्रकरण बनाए जा रहे हैं।
कानून के अनुसार होना चाहिए एसपी का आचरण
कमलनाथ ने एसपी को लिखे पत्र में कहा कि इस तरह सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में कांग्रेस नेताओं का उत्पीड़न करना पूरी तरह अनैतिक और असंवैधानिक है। सभी एसपी राज्य सरकार के लिए काम कर रहे हैं। उनका हर आचरण कानून के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि एसपी किसी भी स्थिति में सत्तारूढ़ दल के दबाव में आकर गैरकानूनी तरीके से कार्रवाई न करें। जो पुलिस अधीक्षक इस तरह से काम करेंगे, उनकी शिकायत कांग्रेस पार्टी न्यायालय में करेगी, या अन्य जो भी उचित कार्यवाही होगी वह की जाएगी।
बुरी मंशा से किसी को प्रताड़ित न करें
कमलनाथ ने कहा कि एसपी स्वयं ईमानदारी से काम करें। अपने अधीनस्थ अधिकारियों को भी सूचित कर दें कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का बुरी मंशा से उत्पीड़न न किया जाए। कमलनाथ ने यह पत्र ऐसे समय पर जारी किया है जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस के उत्पीड़न की शिकायतें उन्हें मिल रही हैं। प्रदेश में पिछले दिनों हुए पंचायत और नगर निकाय के निकाय के चुनाव में भी पुलिस और प्रशासन की बड़े पैमाने पर शिकायतें कमलनाथ को मिली थी।