खंडवा में ईदमिलानुद्दबी के जुलूस में विवादित नारे लगने का मामला सामने आया है। इस दावे की पुष्टि के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है। जुलूस की सीडी और रिकॉर्ड मंगाए गए हैं। इनकी जांच के बाद ही तय होगा कि आगे की कार्रवाई क्या की जानी है।
जानकारी के अनुसार खंडवा में रविवार को ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा था। इसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समाजजन शामिल थे। मुस्लिम क्षेत्रों से जुलूस निकलकर इमलीपुरा पहुंचा। इस दो किमी लंबे जुलूस के दौरान कुछ युवकों ने "सिर तन से जुदा" के नारे लगा दिए। "गुस्ताख नबी की यही सजा सिर तन से जुदा, सिर तन से जुदा" के नारे लगाए गए। 50 सेकंड से ज्यादा देर तक ऐसे नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नारों का किसी ने वीडियो भी बना लिया है, जो अब वायरल हो रहा है। नारे लगने की भनक लगते ही पुलिस अलर्ट हो गई और मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही मामला शांत हो गया। जुलूस करीब 2 किलोमीटर लंबा था। इसमें आतिशबाजी की गई। समाजजनों ने जगह-जगह से मंच बनाकर फूल बरसाए। जुलूस को देखते हुए जगह-जगह पुलिस तैनात थी। कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी। जुलूस में लगे आपत्तिजनक नारों पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग भी की है। हिंदू जागरण मंच के डॉ. अनीष अरझरे ने बताया कि नारे लगाते हुए मुस्लिम समाज के युवकों का वीडियो सामने आया है। कोतवाली थाने और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
नशे के खिलाफ प्रदेशभर में कार्रवाई