पूर्व मंत्री के बंगले में तोड़फोड़
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली वीवीआईपी कॉलोनी चार इमली में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस और प्रशासनिक तंत्र के इकबाल को खुली चुनौती दी है। प्रदेश के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), दर्जनभर मंत्रियों और करीब 100 वरिष्ठ आईएएस-आईपीएस अधिकारियों सहित 200 से अधिक आला अफसरों के इस हाई-सिक्योरिटी वाली कॉलोनी में चोरों ने पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सूने सरकारी बंगले के ताले तोड़कर सनसनी फैला दी।
हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने इस दुस्साहसिक वारदात को स्पेशल डीजी अजय शर्मा के बंगले के ठीक सामने अंजाम दिया। जिन दरवाजों के ताले नहीं टूटे, उनके कुंदे उखाड़ दिए गए और बदमाश नल की टोटियों समेत अन्य सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए। वारदात रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे के करीब हुई है। चोरी की भनक तक आसपास मौजूद पुलिस गार्ड्स को नहीं लगी, जिससे इस पॉश और वीवीआईपी इलाके की सुरक्षा व्यवस्था के दावों की हवा निकल गई है।
ये भी पढ़ें-
मां हिंदुस्तानी, बाप चीनी...: अब बच्चों की पहचान पर क्यों खड़ा हुआ सवाल? 1962 के भारत-चीन युद्ध से जुड़ा मामला
महीने में कुछ दिन ही भोपाल आते हैं विधायक
जबलपुर की पाटन सीट से विधायक अजय विश्नोई को चार इमली स्थित डी-11/03 सरकारी बंगला आवंटित है। भोपाल में उनका आना महीने में केवल तीन-चार दिनों के लिए ही होता है, जिसके चलते बंगला अधिकांश समय सूना रहता है। रविवार को जब विश्नोई भोपाल पहुंचे, तो उन्होंने बंगले के मुख्य दरवाजों के ताले और कुंदे टूटे पाए। घटना के बाद उन्होंने तत्काल विधानसभा सचिवालय को सूचित किया, जिसके बाद हबीबगंज पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया।
तो आम जनता का क्या?
चार इमली क्षेत्र में तीन-चार दिन पहले भी एक वरिष्ठ अधिकारी के सूने मकान को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही इन वारदातों ने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। गौरतलब है कि इसी हाई-प्रोफाइल इलाके में पिछले साल 23 सितंबर को आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष जब अपनी पत्नी के साथ डिनर के बाद वॉक पर निकले थे, तब बाइक सवार लुटेरे उनका मोबाइल फोन झपटकर भाग निकले थे। हालांकि पुलिस ने दो दिन बाद आरोपियों को पकड़ लिया था, लेकिन मुख्य सचिव से लेकर डीजीपी स्तर के अधिकारियों के पड़ोस में लगातार हो रही ऐसी आपराधिक घटनाएं यह साबित करती हैं कि राजधानी का सबसे मुस्तैद माना जाने वाला इलाका भी अब बदमाशों की पहुंच से दूर नहीं है। हबीबगंज पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।