नए साल का जश्न मनाने फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी विश्व विख्यात कान्हा नेशनल पार्क पहुंचे हैं। उनके साथ परिवार के कुछ लोग और मित्र भी यहां आए हैं।
जानकारी के अनुसार बालाघाट और मंडला जिले की सीमा पर स्थित विश्व विख्यात कान्हा नेशनल पार्क का आनन्द लेने देश विदेश के पर्यटक यहां आते हैं। शुक्रवार को यानी साल के अंतिम दिन सुनील शेट्टी भी परिवार के साथ यहां पहुंचे। सुनील शेट्टी यहां की सफारी का आनंद उठाएंगे।
मुक्की पहुंचे सुनील शेट्टी ने बताया कि इस जगह के बारे में काफी सुना है। यहां आकर अलग ही अनुभव कर रहा हूं। गजब की अनुभूति हो रही है। यहां के प्राकृतिक नजारे अद्भुत हैं। मैं यहां पहले भी आ चुका हूं, बहुत ही सुंदर जगह है। सफारी घूमने का अलग ही आनंद है। फिल्म शेरनी के लिए विद्या बालन भी कान्हा टाइगर रिजर्व में शूटिंग कर चुकी हैं।
इसलिए प्रसिद्ध है कान्हा
कान्हा नेशनल पार्क मध्यप्रदेश के मंडला और बालाघाट जिले में स्थित है और इसे कान्हा टाइगर रिजर्व के रूप में भी जाना जाता है। ये एरिया 940 स्क्वेयर किलोमीटर इलाके में फैला हुआ है। यहां जंगल सफारी के दौरान बाघ दिखने की संभावना काफी ज्यादा होती है, क्योंकि यहां बंगाल टाइगर की अच्छी खासी आबादी रहती है। यही नहीं, यहां चीता, चीतल, गौड़, बार्किंग डियर और कई तरह के पक्षियों की प्रजातियां भी पाई जाती हैं। साथ ही ये नेशनल पार्क बारहसिंघों के लिए भी काफी प्रसिद्ध है।