धर्मांतरण का मामला (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
सतना जिले में धर्मांतरण की कोशिश करने का मामला सामने आया है। मझगवां थाना क्षेत्र के मोटवा गांव में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन का प्रयास करते पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक महिला आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है।
जानकारी के मुताबिक मझगवां थाना पुलिस ने ग्राम मोटवा में ग्रामीणों को बरगला कर धर्म परिवर्तन का प्रयास कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में रोशन कुमार पिता शंभूराम (25) निवासी महुजी थाना धीना जिला चंदौली उप्र और मायाराम निंगवाल पिता रमेश निंगवाल (31) निवासी कंडरा थाना पाटी जिला बड़वानी मप्र शामिल हैं। दोनों युवक ईसाई मिशनरीज से जुड़े हैं और गांवों में जाकर ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन देकर प्रेरित करने का काम करते हैं। इतना ही नहीं अपने प्रभाव में लेकर ये लोगों से हिन्दू धर्म की बुराई भी करते हैं और उन्हें इस कदर बरगलाते हैं कि वे हिन्दू धर्म और देवी देवताओं के प्रति अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने से नहीं चूकते।
दो को मौके से ही पकड़ा
इन दोनों के अलावा मोटवा गांव की ही आरती साकेत पत्नी भगवानदीन साकेत भी इनके सहयोगी के तौर पर काम करती है। पुलिस ने दोनों युवकों और महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ धर्मांतरण का प्रयास करने और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अपशब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में आईपीसी की धारा 295 A और मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दो आरोपियों रोशन और मायाराम को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
मिशनरीज के लोगों ने किया हंगामा
बताया जाता है कि ईसाई मिशनरीज से जुड़े दोनों युवक मोटवा में आरती साकेत की मदद से ग्रामीणों का धर्म परिवर्तन कराने पहुंचे थे। इसकी सूचना विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली तो वे भी पुलिस को सूचना देकर मोटवा जा पहुंचे, जिस वक्त पुलिस के साथ बजरंगी वहां पहुंचे तो सभा लगी हुई थी। जब उस पर ऐतराज जताया गया तो आरती ने हिन्दू देवी देवताओं के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल शुरू कर दिया। मिशनरीज के लोगों ने वहां हंगामा खड़ा करने की कोशिश भी की। पुलिस ने भी उन्हें समझाइश देने की कोशिश की लेकिन आरती और मिशनरीज के लोगों ने अन्य महिलाओं को भी भड़काना शुरू कर दिया। मनोज पिता दुर्गा प्रसाद निवासी गढ़िया टोला सतना ने मझगवां थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।