सीधी पेशाबकांड पर नाराजगी जताते हुए कटनी में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सीएम और पीएम के पुतले जलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
सीधी में आदिवासी युवक पर भाजपा नेता द्वारा किए गए अमानवीय कृत्य के विरोध में कटनी कांग्रेस ने बुलडोजर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया है। ज़िला युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के संयुक्त तत्वाधान में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। इसके बाद कांग्रेस द्वारा किए जा रहे मुख्यमंत्री पुतला दहन करने से रोकने का प्रयास किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ आम जनता के घर बुलडोजर चलाती है, उनके पास भाजपा नेता का घर तोड़ने के लिए बुलडोजर न हो तो हम कटनी से लेकर जाएंगे। प्रदर्शन कर रहे युवक कांग्रेस अध्यक्ष अंशू मिश्रा ने बताया कि सीधी जिले में दलित युवक पर भाजपा नेता द्वारा किए गए घृणित कृत्य के विरोध में कांग्रेस ने पीएम मोदी और सीएम शिवराज का पुतला दहन करते हुए बुलडोजर लेकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया है। शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जा रहा था, पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। ये गलत है।