मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ओला प्रभावित किसानों से मुलाकात की।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर और अशोकनगर जिले के मुंगावली में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान सीएम ने किसानों को परेशान न होने की बात कही साथ ही हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
जिला अशोकनगर के भजावन में ओला वृष्टि प्रभावित क्षेत्रों के अवलोकन के दौरान किसान की पत्नी को बिलखता देखकर भरोसा दिलाया। सीएम ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जहां किसान का भयानक नुकसान हुआ है और बिटिया की शादी है तो उसका भी इंतजाम हम करवाएंगे, ताकि बेटी की शादी में कोई दिक्कत न आए। किसान भाई इसकी बिल्कुल भी चिंता न करें। मैं अफसरों से सीधा कह रहा हूं कि फसलों की क्षति का सर्वे ईमानदारी से करना। एक- दो प्रतिशत मुआवजा ज्यादा लिखना पड़े तो लिख देना। कम लिख दिया तो मैं नौकरी करने के लायक नहीं रहने दूंगा। संकट की घड़ी में हम किसान भाइयों के साथ खड़े हैं।
सीएम चौहान ने कहा कि इस बार हमने फसल बीमा अलग तरीके से किया है। जो नुकसान होगा, उसका 25% बीमा कंपनी को एडवांस देना पड़ेगा, आकलन बाद में होता रहेगा। बाकी 75% आकलन पूरा होने के बाद दिया जाएगा। जिनका नुकसान हुआ है, उनकी ऋण वसूली स्थगित कर अल्पावधि का ऋण, मध्यावधि ऋण में परिवर्तित किया जाएगा और उसका ब्याज भी हम भरवाएंगे। किसान परेशान न हों। गाय-भैंस की मृत्यु पर 30 हजार रुपये और बछड़ा-बछिया के लिए 10 हजार रुपये और भगवान न करे कि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो, लेकिन ऐसी असामयिक मृत्यु पर 4 लाख रुपये की परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। फसल बीमा की राशि अलग से दी जाएगी।
शिवराज ने कहा कि मैं जानता हूं कि किसान भाई दिन और रात मेहनत करते हैं, खून-पसीना एक करते हैं। कर्जा लेकर खाद डालते हैं, बीज डालते हैं। अकेले पानी से ही नहीं, पसीने से भी फसलों को सींचते हैं। तब जाकर अन्न के दाने आते हैं और वही हमारे बच्चों की और हमारी जिंदगी चलाते हैं। 50 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान जिन किसानों का हुआ है, उन्हें 30 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से राहत की राशि दी जाएगी। किसान भाई बिल्कुल भी चिंता न करें।