छिंदवाड़ा जिले में 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया गया है। बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसका सिर फर्श और दीवार पर पटक दिया गया, जिससे बच्ची विरोध नहीं कर सकी और फिर उसके साथ हैवानियत की गई। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मामला छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस ने बताया कि 13 वर्षीय बालिका शुक्रवार को स्कूल से लौटी थी। इस दौरान उसके माता-पिता मजदूरी करने गए थे। बालिका को अकेली पाकर 22 वर्षीय आरोपी उसके घर में घुस गया। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने बालिका के साथ मारपीट की। दीवार और फर्श पर पटकने से बच्ची के सिर पर चोट आई है। बालिका के चेहरे पर भी चोट है। मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी ने पीड़िता का शोषण किया है। दोपहर को जब परिजन घर लौटे तब पीड़िता ने अपने साथ हुए कृत्य की जानकारी उन्हें दी। पीड़िता के परिजनों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुराचार, मारपीट, जबरन घर में घुसने और पॉक्सो एक्ट के तहत 11 धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया है।