मध्यप्रदेश में कुछ दिन पहले कैबिनेट में फेरबदल को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कैबिनेट विस्तार से पहले जहां पूर्व गृहमंत्री बाबूलाल गौर और सरताज सिंह ने भाजपा आलाकमान को नाकों चने चबवा दिए थे वहीं मंत्रालय बदलने से अब कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे नाराज बताई जा रही है।
मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में उनकी नाराजगी उस समय सामने आ गई जब नौकरशाही की कार्यशैली को लेकर वह मुख्यमंत्री के सामने ही बिफर पड़ीं।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार बैठक में मौजूद पूर्व उद्योग और वाणिज्य मंत्री रही और वर्तमान में खेल मंत्री बनाई गई यशोधरा राजे ने सीधे मुख्यमंत्री से मुखातिब होते हुए कहा कि एक साल पहले उन्होंने घोटाले के एक मामले में एक कंपनी से छह करोड़ की रिकवरी के आदेश दिए थे।
राजे ने बताया कि सरकार के हित को देखते हुए वह चाहतीं थी कि उस कंपनी से धन की वसूली हो। इस संबंध में उन्होंने प्रधान सचिव और मुख्य सचिव एंटनी डी सा को भी लिखा लेकिन उनके खत की कोई सुनवाई नहीं हुई।