मध्य प्रदेश में गर्मी बेहाल करने लगी है। तापमान लगातार चढ़ रहा है। लगभग पूरे प्रदेश में दिन का पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 21 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म खजुराहो और खरगोन रहे। दोनों जगह तापमान 42.4 डिग्री रहा। वहीं सागर में रात सबसे गर्म रही।
मौसम विभाग की मानें तो अभी प्रदेश को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम एक्टिव नहीं है। जिसकी वजह से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन बड़े होने के कारण धूप अधिक देर तक रह रही है। इस वजह से गर्मी का एहसास ज्यादा हो रहा है। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात में भी गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। उस ओर से आने वाली हवाएं प्रदेश में तापमान बढ़ा रही हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो अधिकांश जिलों में पारा 40 के पार निकल गया है। खरगोन-खजुराहो सबसे गर्म रहे। दोनों ही जगह तापमान 42.4 डिग्री रहा। नौगांव में 42.3, खंडवा में 42.1, राजगढ़ में 42, रतलाम-दमोह में 41.8, ग्वालियर में 41.7, दतिया में 41.6, धार-सतना में 41.2, शाजापुर में 41.1, गुना में 41, होशंगाबाद-सीधी में 40.8, सागर में 40.7, उमरिया में 40.6, टीकमगढ़ में 40.4, भोपाल-जबलपुर में 40.3, रीवा में 40.2, मंडला-नरसिंहपुर में 40 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। सागर में रात सबसे गर्म रही, यहां का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रहा। खंडवा में 23, दमोह-जबलपुर में 22.2, रतलाम-सीधी में 22, सतना में 21.9, शाजापुर में 21.8, होशंगाबाद में 21.6, खरगोन-टीकमगढ़ में 21.4, इंदौर में 21.2, राजगढ़ में 20.6, सिवनी में 20.4, गुना में 20.3, रायसेन-नरसिंहपुर में 20 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट कहती है कि बीते 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। ग्वालियर में तीव्र लू तथा रीवा, सतना, सीधी, उमरिया, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, खजुराहो, नौगांव, सागर, टीकमगढ़, दमोह, भोपाल, राजगढ़, धार, रतलाम, शाजापुर, दतिया, गुना में लू का प्रभाव रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि ग्वालियर-छतरपुर जिलों में तीव्र लू चलने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक
रीवा संभाग के जिलों के साथ सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, पन्ना, उमरिया, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, भोपाल, राजगढ़, धार, खंडवा, खरगोन, रतलाम, शाजापुर, गुना, दतिया व श्योपुरकलां जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।