मध्य प्रदेश के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अधिकांश जगह दिन का तापमान उछला है, वहीं रात का तापमान कुछेक जगह गिरा है। बीते 24 घंटे में पूर्वी क्षेत्र के इलाकों में बौछारें पड़ी हैं। प्रदेश में सबसे ठंडा खुजराहो रहा, यहां रात का पारा 11.5 डिग्री पर रहा। दिन में गर्मी बढ़ रही है। खरगोन में अधिकतम तापमान 36 डिग्री पर पहुंच गया है।
मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के शहडोल संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर, नर्मदापुरम, रीवा, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। नारायणगंज में 2, पनागर, जैतहरी, अनूपपुर, शाहपुरा, कोतमा, जबलपुर में 1 मिमी बारिश हुई। अगले 24 घंटे के लिए अनुमान अनुसार शहडोल संभाग के जिलों में, सीधी, सिंगरौली, मंडला जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
प्रदेश में तापमान के आंकड़ों की बात करें तो कई जगह रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है। खजुराहो में 11.5, नरसिंह पुर में 12, ग्वालियर में 12.4, रायसेन-नौगांव में 12.5, उज्जैन में 12.8, दतिया में 13, पचमढ़ी में 13.5, धार-गुना में 13.6, रतलाम में 13.8, शाजापुर में 13.9, राजगढ़ में 14.3, खंडवा-रीवा में 14.4, टीकमगढ़ में 14.6, छिंदवाड़ा में 15 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 33.3 और 15.5, इंदौर में 32.5 और 15.1, ग्वालियर में 28 और 12.4, जबलपुर में 31.9 और 18.5 डिग्री रहा। जबलपुर में रात का तापमान सबसे ऊपर रहा। उमरिया में एक दिन में रात के पारे में 5.4 डिग्री का उछाल देखा गया।
मौसम जानकारों के अनुसार प्रदेश के आसपास दो सिस्टम सक्रिय हैं, जिसके चलते तापमान में बदलाव हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास एक सिस्टम एक्टिव है। सोमवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। अगले 2 दिन मध्य प्रदेश में कुछ जगह बादल रहेंगे, कहीं-कहीं हल्की बारिश भी होगी।