मध्य प्रदेश के तापमान ने फिर उछाल भरी है। रात के तापमान में चार डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है तो दिन का पारा भी साढ़े तीन डिग्री तक ऊपर गया है। अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में बौछारें पड़ने और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिन प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 8 मार्च से अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होगा। इसी वजह से 7 मार्च से प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में नया पश्चिमी विक्षोभ ईरान के आसपास एक ट्रफ के रूप में स्थित है। दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में अति तीव्र निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है।
मौसम केंद्र के अनुसार भोपाल, नर्मदापुरम, गुना, शाजापुर, नौगांव में रात का पारा ज्यादा उछला है। पूर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। आंकड़ों की बात करें तो रीवा 10.4, खजुराहो में 10.6, पचमढ़ी-मंडला में 11, उमरिया में 11.2, ग्वालियर-रायसेन में 12.8, नौगांव में 13.2, दतिया में 13.9, नरसिंहपुर-टीकमगढ़ में 14 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। अधिकतम तापमान भी 28 डिग्री से ऊपर है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान खरगोन में रहा, यहां 36.4 डिग्री तक पारा पहुंच गया है। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 31.7 और 17, इंदौर में 32 और 17.6, ग्वालियर में 30.4 और 12.8, जबलपुर में 30.5 और 15.3 डिग्री तापमान रहा।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान उछला है। प्रदेश में सबसे ठंडा रीवा रहा। वहीं सबसे गर्म खरगोन। अगले 24 घंटों का अनुमान कहता है कि बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, धार, उज्जैन, झाबुआ, आलीराजपुर, रतलाम, शाजापुर, आगर, इंदौर, देवास, सीहोर, राजगढ़, रायसेन, बैतूल, छिंडवाड़ा, सिवनी जिलों में कहीं कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। हवा की रफ्तार भी 30 से 40 किमी प्रतिघंटे तक रह सकती है। मौसम केंद्र ने यहां यलो अलर्ट जारी किया है।