MP Weather Today: भोपाल समेत मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मंगलवार सुबह से जोरदार बारिश हो रही है।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड से राहत मिली हुई थी। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रह रहा था। मंगलवार को सुबह मौसम ने करवट ली और भोपाल समेत ज्यादातर जिलों में सुबह मावठा गिरा। राजगढ़, होशंगाबाद, सीहोर, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, छतरपुर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। दो दिन तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच नए साल का स्वागत होगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर भारत में बर्फबारी का असर प्रदेश में दिख रहा है। ज्यादातर इलाकों में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। 28 और 29 दिसंबर को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। 30 दिसंबर के बाद ठंड बढ़ेगी। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को कड़ाके की ठंड रहेगी। दिन का तापमान भी गिरेगा। यानी नए साल की अगवानी राज्य में कड़ाके की ठंड के बीच होगी।
यहां हो रही है बारिश
मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ ही उज्जैन और भोपाल संभाग के कुछ जिलों में बारिश का अनुमान लगाया था। 28 दिसंबर को सुबह से भोपाल, पन्ना, सागर, होशंगाबाद, जबलपुर, रीवा और शहडोल में बारिश हो रही है। यह बारिश रबी की फसल के लिए अच्छी मानी जाती है।
नरसिंहपुर सबसे ठंडा
सोमवार की रात नरसिंहपुर 9.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। रायसेन में 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बाकी सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विभाग की मानें तो मावठे की वजह से एक-दो दिन में तापमान फिर गिरेगा। ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहने का अनुमान है।
सीहोर में ऑरेंज अलर्ट, ओले भी गिरेंगे
सीहोर के आरएके कॉलेज मौसम विभाग की माने तो 28 और 29 दिसम्बर को हवा की रफ्तार 16 किमी प्रतिघंटा तक रहने का अनुमान है। दो दिन बारिश का दौर रहेगा, जो रुक-रुककर होती रहेगी। तेज हवाएं और ओलावृष्टि फसलों के लिए हानिकारक हो सकती है। शासकीय आरएके कृषि कालेज के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएस तोमर ने बताया की दक्षिण पूर्व की हवाओं और बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बन रहा है जो पूरे मप्र में बारिश कराएगा।