बीजेपी के प्रतिनिधि मंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग से मिलकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत छिंदवाड़ा और इंदौर के कांग्रेस प्रत्याशियों के आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निकाय चुनाव प्रबंध समिति के सदस्य एस.एस. उप्पल एवं अशोक विश्वकर्मा ने आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग को मिलकर बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, उनके पुत्र नकुलनाथ एवं कांग्रेस के छिंदवाड़ा महापौर प्रत्याशी विक्रम अहाके हनुमान जी के चित्र के सामने हाथ जोड़ कर खडे़ हैं, इसी फोटों में कांग्रेस पार्टी का चुनाव का चिन्ह हाथ का पंजा भी प्रदर्शित किया गया है। महापौर प्रत्याशी विक्रम अहाके हनुमान जी के नाम पर पंजे को वोट देने की अपील कर रहें हैं। यह आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने कमलनाथ, पुत्र नकुलनाथ एवं छिंदवाड़ा के महापौर प्रत्याशी विक्रम अहाके को चुनाव प्रचार करने पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की।
मतदाताओं को बांट रहे चांदी की पायल और शराब
राज्य निर्वाचन आयोग को की गई एक अन्य शिकायत में प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि इंदौर के वार्ड क्रमांक 1 में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती प्रीति गोलू अग्निहोत्री द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिये एक थैली भेंट की जा रही है, जिसमें 2 हजार रुपये का एक नोट, शराब की एक बॉटल, चांदी की पायल रखकर मतदाताओं को दी जा रही हैं। प्रीति गोलू अग्निहोत्री के द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए अपनाया गया अनुचित तरीका आदर्श आचार संहिता की धारा का उल्लंघन है, जिस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
कांग्रेस प्रत्याशी पर आपराधिक रिकॉर्ड गलत देने का आरोप
एक अन्य शिकायत में प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि इंदौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 58 के कांग्रेस प्रत्याशी अनवर पिता असलम कादरी ने नामांकन पत्र में आपराधिक रिकार्ड की जानकारी भ्रामक एवं गलत प्रस्तुत की गई है। कांग्रेस प्रत्याशी ने 4 आपराधिक प्रकरणों का उल्लेख किया है। जबकि थाना प्रभारी सदर बाजार इंदौर में 16 आपराधिक प्रकरण, उज्जैन के महाकाल थाने में एक प्रकरण तथा इंदौर के रावजी बाजार थाने में एक अपराधिक प्रकरण दर्ज है। इसके अलावा नागालैंड से अवैध रूप से शस्त्र लायसेंस बनाने का मामला भी इनके विरुद्ध दर्ज है, जो कि जानबूझकर छुपाया गया है। उपरोक्त तथ्यों से यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस प्रत्याशी अनवर आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। इसलिए उनका नामांकन तत्काल निरस्त किए जाने की मांग की।
प्रत्याशी पर दो जगह मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आरोप
इसी प्रकार इंदौर के वार्ड क्रमांक 50 के कांग्रेस प्रत्याशी आशीष चौधरी द्वारा मतदाता सूची में दो जगह नाम जुड़वाया गया है। आशीष चौधरी का एक नाम इंदौर के वार्ड क्र. 50 की मतदाता सूची में क्रमांक 532 पर एवं दूसरी जगह वार्ड क्र. 78 की मतदाता सूची के क्र. 700 पर जुड़वाया गया है। जिसमें पता मकान नं. 02, हरिजन मोहल्ला बिजलपुर लिखा है। किन्तु इस पते पर कोई भी व्यक्ति नहीं रहता है। आशीष चौधरी पर भारतीय दण्ड विधान की धारा 420, 467, 468 में प्रकरण दर्ज करने एवं इनका नांमांकन निरस्त करने के निर्देश देने की मांग प्रतिनिधि मंडल ने की है।