मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि लाडली लक्ष्मी बच्चियों के कॉलेज में एडमिशन लेने पर दो किश्तों में सरकार 25 हजार रुपए देगी। वहीं, कॉलेजों की फीस भी सरकार भरेंगी। लाड़लियों के लिए अच्छा काम करने वाली पंचायतों को भी सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाडली लक्ष्मी योजना 2.0 लॉन्च की। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने लाड़लियों का फूलों से स्वागत किया।
इस अवसर पर लाडली लक्ष्मी बुक का विमोचन और लाडली ई संवाद एप का भी शुभारंभ किया। साथ ही कुछ लाड़ली बालिकाओं को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस का वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मेरा मुख्यमंत्री बनना सार्थक हो गया।
चूंकि आज मदर्स डे भी था तो सीएम ने कहा कि मां को कभी भूलना मत क्योंकि उसके कारण ही अपना अस्तित्व है। सीएम ने कहा कि मुझे भी अपनी मां की याद आ रही है। मां बच्चों की जान होती है, वो होते हैं किस्मत वाले जिनके मां होती है। अपनी मां को कभी भूलना नहीं। मैंने अपनी मां को बचपन में ही खो दिया था।
मेरी लाडली लक्ष्मी से अपील करता हूं कि अपनी मां और पिता की इज्जत और सम्मान करना। आज लाडली लक्ष्मी उत्सव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में 42 लाख 14 हजार लाडली लक्ष्मी बेटियां हो गई हैं। मेरा मुख्यमंत्री बनना सफल हो गया। उन्होंने कहा कि मेरी बेटियों खूब पढ़ना और कुछ करके इतिहास रचना। आज वह दिन आ गया कि मां बाप कहेंगे कि बेटा हो तो ठीक है नहीं तो बेटियां ही हमारी लाडली है।